उत्तर प्रदेश के अयोध्या में तेरहवीं भोज के दौरान मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। कैंट पुलिस स्टेशन अयोध्या क्षेत्र के रेतिया मोहल्ले में हुई इस घटना में चाकूबाजी के चलते 9 लोग घायल हो गए, जिनमें महिलाएं भी शामिल हैं।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार, तेरहवीं भोज के दौरान एक युवक नशे की हालत में पहुंचा और किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि एक छोटी बच्ची को मारने की बात पर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसा में बदल गया और युवक ने चाकू से हमला कर दिया।
इस हमले में कुल 9 लोग घायल हुए हैं, जिनमें 5 महिलाएं और 3 पुरुष शामिल हैं। दो महिलाओं को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि एक युवती की हालत नाजुक बताई जा रही है। घायलों का इलाज जिला अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा है।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है। अस्पताल में भी घायलों के परिजनों की भीड़ जुटी रही।
मामले में पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है। क्षेत्राधिकारी नगर श्रेयश त्रिपाठी ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें