अदिति यादव के खिलाफ सोशल मीडिया पोस्ट पर सपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस से की FIR की मांग

हजरतगंज कोतवाली पहुंचे कार्यकर्ताओं ने कहा- सोशल मीडिया के जरिए छवि धूमिल करने की कोशिश, कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी।

 

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की पुत्री अदिति यादव के खिलाफ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक और एक्स पर कथित तौर पर आपत्तिजनक, भ्रामक और चरित्र हनन से जुड़ी पोस्ट प्रसारित किए जाने के विरोध में पार्टी कार्यकर्ताओं ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। समाजवादी पार्टी लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राज साहनी अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ हजरतगंज कोतवाली पहुंचे और पुलिस को तहरीर सौंपते हुए मामले में एफआईआर दर्ज करने की मांग की।

 

राज साहनी ने आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक तत्व सोशल मीडिया के माध्यम से दुष्प्रचार फैलाकर अदिति यादव की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में फेसबुक और एक्स पर प्रसारित कथित आपत्तिजनक पोस्ट के स्क्रीनशॉट और अन्य साक्ष्य भी पुलिस को उपलब्ध करा दिए गए हैं।

 

राज साहनी ने मांग की कि संबंधित लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियां सामाजिक माहौल को प्रभावित करने के साथ-साथ व्यक्तिगत छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास हैं। समाजवादी पार्टी के नेताओं ने कहा कि यदि पुलिस प्रशासन द्वारा मामले में जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो पार्टी कार्यकर्ता आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

 

हजरतगंज कोतवाली पुलिस ने तहरीर प्राप्त कर मामले की जांच करने और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस दौरान समाजवादी पार्टी से जुड़े अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। जिला अध्यक्ष राम प्रकाश मौर्य ने भी मामले में कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से फैलाए जा रहे कथित आपत्तिजनक और भ्रामक संदेशों पर रोक लगनी चाहिए।


 

टैग्स :  अदिति यादव, अखिलेश यादव, समाजवादी पार्टी, हजरतगंज कोतवाली, राज साहनी

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें


Related News

विरोध करने पर मारपीट और जान से मारने की धमकी? लखनऊ में महिला ने लगाए गंभीर आरोप
संकट में घिरे टीईटी शिक्षकों को योगी सरकार का सहारा, हितों की रक्षा का भरोसा
लखनऊ को 'नो ट्रिपिंग जोन' बनाने की तैयारी, 1500 करोड़ रुपये से बदलेगी बिजली व्यवस्था
बिजली दरों पर यूपी में बढ़ा घमासान, एके शर्मा ने यूपीपीसीएल चेयरमैन को लिखा नाराजगी भरा पत्र
सुरक्षा मांगती रही पीड़िता, आरोपी देता रहा धमकी; 1090 पर शिकायत के बावजूद 5 दिन बाद दर्ज हुआ मुक़दमा
लखनऊ में श्मशान भूमि पर कब्जे के आरोप से बढ़ा विवाद, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
मलिहाबाद के कंसा पासी किला जाने से रोके गए लोजपा के कार्यकर्ता, पुलिस ने नहीं दी अनुमति
सुबह 3 बजे से शुरू हुई कार्रवाई, लखनऊ में 35 ई-रिक्शा चोरी की बिजली से चार्ज करते मिले
एनआरएचएम घोटाले में पूर्व कांग्रेस विधायक मुकेश श्रीवास्तव गिरफ्तार, जांच में कई वित्तीय अनियमितताएं सामने आईं