अम्बेडकरनगर। बरसात शुरू होते ही नगर पालिका परिषद जलालपुर के जाफराबाद दक्षिणी वार्ड संख्या-10 में रहने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। करीब तीन हजार की आबादी वाले इस वार्ड में जलनिकासी की पर्याप्त व्यवस्था न होने से बारिश का पानी और घरों का गंदा पानी सड़कों, घरों और दुकानों तक पहुंचने की शिकायत सामने आई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर बारिश के साथ जलभराव की समस्या गंभीर रूप ले लेती है, जिससे आवागमन के साथ-साथ दैनिक जीवन भी प्रभावित होता है।
वार्ड के कई हिस्सों में नालों की स्थिति भी लोगों की चिंता का कारण बनी हुई है। स्थानीय निवासियों के अनुसार कई स्थानों पर नालों की पटियां टूटी हुई हैं, जिससे राहगीरों और बच्चों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बना रहता है। उनका कहना है कि लंबे समय से इस समस्या की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दी जा रही है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
वार्ड निवासी अब्बास अली और शारदा देवी का कहना है कि नालों का निर्माण उचित जलस्तर और ढलान को ध्यान में रखकर नहीं किया गया। इसके कारण घरों का गंदा पानी नालियों से बाहर निकलकर वापस गलियों, घरों और दुकानों में पहुंच जाता है। उनका कहना है कि बारिश के समय स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है तथा लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार जलभराव के कारण छोटे बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को विशेष परेशानी उठानी पड़ती है। लोगों ने जलनिकासी व्यवस्था को तकनीकी रूप से दुरुस्त कराने की मांग की है।
स्थानीय निवासियों ने वार्ड में साफ-सफाई को लेकर भी नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि क्षेत्र में पर्याप्त डस्टबिन उपलब्ध नहीं हैं, जिससे कूड़ा खुले स्थानों पर जमा होता है। इसके अलावा बरसात का मौसम होने के बावजूद नियमित फॉगिंग और दवा के छिड़काव की व्यवस्था नहीं होने से मच्छरों की संख्या बढ़ रही है और संक्रामक बीमारियों का खतरा बना हुआ है। लोगों का कहना है कि बरसात के दौरान सफाई व्यवस्था और स्वास्थ्य संबंधी एहतियाती उपायों को और प्रभावी बनाने की जरूरत है।
वार्ड निवासी अरविंद कुमार, मेवा लाल, ठाकुर लाल, राजकुमार, धर्मपाल सहित अन्य लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से जलभराव, नालों की मरम्मत, नियमित सफाई और आवश्यक स्वास्थ्य सुरक्षा उपायों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने की मांग की है। उनका कहना है कि समस्या का अस्थायी नहीं बल्कि स्थायी समाधान किया जाना चाहिए ताकि हर वर्ष बरसात के दौरान लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
वार्ड सभासद गुलाम हैदर ने बताया कि नाली निर्माण से संबंधित प्रस्ताव नगर पालिका परिषद को भेजे जा चुके हैं। उनके अनुसार प्रस्ताव स्वीकृत होने के बाद निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है, जिससे क्षेत्र की जलनिकासी व्यवस्था में सुधार आएगा।
नगर पालिका परिषद जलालपुर के अधिशासी अधिकारी अरविंद कुमार ने बताया कि बरसात के दौरान कुछ समय के लिए जलभराव की स्थिति बनती है, लेकिन सामान्यतः लगभग एक घंटे के भीतर पानी निकल जाता है। उन्होंने कहा कि वार्ड में नियमित रूप से सफाई अभियान चलाया जा रहा है और नगर पालिका आवश्यक व्यवस्थाएं बनाए रखने का प्रयास कर रही है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें