अंबेडकरनगर जिले के अहिरौली थाना क्षेत्र के खोरिया गांव में चोरों ने एक ही रात तीन घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। वारदात के बाद गांव में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि चोर रात के समय छत के रास्ते मकानों में घुसे और अलग-अलग घरों में चोरी की घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। सुबह परिवार के लोगों को घटना की जानकारी होने पर हड़कंप मच गया।
पीड़ित सुनील राजभर के घर से चोर सोने की चैन, सोने की अंगूठी, सोने का हार, गले का लॉकेट, दो पायल और करीब पांच हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।
वहीं सूरज चौहान के घर से पाजेब, करधन, कान की बाली, कान का झाला, बुंदा और करीब दो हजार रुपये नकद चोरी होने की जानकारी सामने आई है।
इसके अलावा मिठाईलाल के घर से चोर पर्स, घड़ी और वाहन की चाभी लेकर फरार हो गए। एक ही रात में तीन घरों में हुई चोरी की घटना से ग्रामीणों में भय और असुरक्षा का माहौल है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच की जा रही है। अहिरौली थानाध्यक्ष अभिषेक त्रिपाठी ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हो गई है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें