भीषण गर्मी के बीच सोमवार सुबह मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित जनता दर्शन में एक ऐसी शिकायत सामने आई, जिस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तत्काल सख्ती दिखाई। मथुरा से पहुंचे एक बुजुर्ग ने चकरोड पर अतिक्रमण की शिकायत रखी, जिसके बाद मुख्यमंत्री ने सीधे जिलाधिकारी को मौके पर जाकर स्थिति देखने और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया। लेकिन जनता दर्शन की तस्वीर केवल एक शिकायत तक सीमित नहीं रही। शिक्षा, स्वास्थ्य, आर्थिक सहायता, बिजली, पुलिस और राजस्व से जुड़े मामलों को लेकर भी प्रदेश के अलग-अलग जिलों से लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे।
जनता दर्शन में पहुंचे मथुरा निवासी बुजुर्ग ने बताया कि चकरोड पर अतिक्रमण कर लिया गया है। स्थानीय स्तर पर शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने की बात भी उन्होंने मुख्यमंत्री के सामने रखी। इस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि अतिक्रमण की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन, पुलिस, नगर निगम और विकास प्राधिकरण जैसे संबंधित विभाग नियमित निगरानी बनाए रखें।
यह खबर भी पढ़े - अतीक अहमद का जिक्र करते हुए मंत्री सतीश शर्मा की टिप्पणी से बढ़ी सियासी हलचल
जनता दर्शन में पहुंचे लोगों की समस्याएं अलग-अलग थीं। किसी ने शिक्षा से जुड़ी परेशानी बताई, तो किसी ने स्वास्थ्य सहायता की मांग की। बिजली के तारों, पुलिस कार्रवाई, राजस्व मामलों और आर्थिक सहायता से जुड़े आवेदन भी मुख्यमंत्री के सामने रखे गए। मुख्यमंत्री ने सभी फरियादियों की बातें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
जनता दर्शन की एक और तस्वीर भी सामने आई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विभिन्न जिलों से आए बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों से पहले उनका हालचाल जाना। उन्होंने लोगों से कहा कि भीषण गर्मी और तेज धूप के बीच स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें। मुख्यमंत्री ने लोगों को संयमित खानपान अपनाने और अत्यधिक आवश्यकता होने पर ही दोपहर के समय घर से बाहर निकलने की सलाह भी दी।
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि सरकार प्रदेश के 25 करोड़ नागरिकों के साथ खड़ी है और जनता की मूलभूत जरूरतों को पूरा करने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि लोगों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें