सुबह 3 बजे से शुरू हुई कार्रवाई, लखनऊ में 35 ई-रिक्शा चोरी की बिजली से चार्ज करते मिले

यासीनगंज में बिजली विभाग के छापे में दो गोदामों में अवैध कनेक्शन से ई-रिक्शा चार्ज होते मिले, 12 अन्य परिसरों में भी बिजली चोरी पकड़ी गई।

 

पुराने लखनऊ के यासीनगंज क्षेत्र में बिजली विभाग की टीम ने रणनीति बदलते हुए तड़के तीन बजे से कार्रवाई शुरू की और बड़े पैमाने पर बिजली चोरी का मामला पकड़ा। छापेमारी के दौरान दो गोदामों में चोरी की बिजली से 35 ई-रिक्शा चार्ज होते पाए गए। इसके अलावा 12 अन्य परिसरों में कटिया और मीटर बाइपास के जरिए बिजली का उपयोग किया जा रहा था।

 

मुख्य अभियंता रवि कुमार अग्रवाल के निर्देश पर मध्य जोन की टीम ने बुधवार सुबह अभियान चलाया। यासीनगंज क्षेत्र में प्रवेश करते ही टीम ने दो गोदामों की जांच की, जहां अवैध रूप से बिजली का उपयोग कर 35 ई-रिक्शा चार्ज किए जा रहे थे। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, एक ई-रिक्शा को चार्ज करने में प्रतिदिन लगभग नौ से दस यूनिट बिजली की खपत होती है। ऐसे में इन गोदामों में प्रतिदिन बड़ी मात्रा में बिजली का उपयोग किया जा रहा था।

 

कार्रवाई के दौरान दोनों परिसरों के बिजली कनेक्शन काट दिए गए और मीटर हटा लिए गए। अभियंताओं ने संबंधित लोगों के खिलाफ बिजली चोरी की धाराओं के तहत मामला दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, दोनों परिसरों में दस किलोवाट से अधिक की बिजली चोरी सामने आने के कारण आठ से दस लाख रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।

 

छापेमारी के दौरान टीम ने आगे की जांच में 12 अन्य परिसरों में भी बिजली चोरी पकड़ी। यहां कटिया डालकर और मीटर बाइपास कर बिजली का इस्तेमाल किया जा रहा था। कई स्थानों पर एयर कंडीशनर भी इसी तरह चलाए जा रहे थे।

 

मुख्य अभियंता रवि कुमार अग्रवाल के अनुसार, पहले विभाग की टीम सुबह चार से पांच बजे के बीच छापा मारती थी। इससे बिजली चोरी करने वाले लोग पहले ही सतर्क हो जाते थे। इस बार विभाग ने अपनी रणनीति बदलते हुए सुबह तीन बजे से चार बजे के बीच कार्रवाई शुरू की। जांच के दौरान कुछ लोगों ने विजिलेंस टीम को बताया कि वे सुबह 4:30 बजे का अलार्म लगाकर सोते थे, ताकि समय रहते कटिया और मीटर बाइपास को सामान्य किया जा सके। हालांकि इस बार टीम उनके जागने से पहले ही मौके पर पहुंच गई।


 

टैग्स :  लखनऊ, बिजली चोरी, यासीनगंज

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें


Related News

विरोध करने पर मारपीट और जान से मारने की धमकी? लखनऊ में महिला ने लगाए गंभीर आरोप
संकट में घिरे टीईटी शिक्षकों को योगी सरकार का सहारा, हितों की रक्षा का भरोसा
लखनऊ को 'नो ट्रिपिंग जोन' बनाने की तैयारी, 1500 करोड़ रुपये से बदलेगी बिजली व्यवस्था
बिजली दरों पर यूपी में बढ़ा घमासान, एके शर्मा ने यूपीपीसीएल चेयरमैन को लिखा नाराजगी भरा पत्र
सुरक्षा मांगती रही पीड़िता, आरोपी देता रहा धमकी; 1090 पर शिकायत के बावजूद 5 दिन बाद दर्ज हुआ मुक़दमा
लखनऊ में श्मशान भूमि पर कब्जे के आरोप से बढ़ा विवाद, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
मलिहाबाद के कंसा पासी किला जाने से रोके गए लोजपा के कार्यकर्ता, पुलिस ने नहीं दी अनुमति
अदिति यादव के खिलाफ सोशल मीडिया पोस्ट पर सपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस से की FIR की मांग
एनआरएचएम घोटाले में पूर्व कांग्रेस विधायक मुकेश श्रीवास्तव गिरफ्तार, जांच में कई वित्तीय अनियमितताएं सामने आईं