>लखनऊ के ऐशबाग रेलवे स्टेशन पर रविवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक युवक पानी की टंकी पर चढ़ गया। पहले लोगों को लगा कि वह आत्महत्या करने जा रहा है, लेकिन मामला कुछ और ही निकला। करीब आधे घंटे तक चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस ने सूझबूझ दिखाते हुए युवक को सुरक्षित नीचे उतारा।
>पुलिस के अनुसार, युवक शनिवार देर रात ट्रेन से लखनऊ पहुंचा था और थकान के कारण सोने के लिए जगह तलाश रहा था। आसपास आवारा कुत्तों को देखकर वह डर गया और पास में बनी पानी की टंकी पर चढ़ गया। रविवार सुबह जब लोगों ने उसे ऊंचाई पर बैठे देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी।
>सूचना मिलते ही बाजारखाला थाना प्रभारी बृजेश सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने करीब आधे घंटे तक युवक को समझाया और आखिरकार उसे नीचे उतार लिया। पुलिस ने बताया कि युवक उड़ीसा का रहने वाला है फिलहाल, उसके परिजनों की जानकारी जुटाई जा रही है।
>घटना की खबर फैलते ही स्टेशन के आसपास लोगों की भीड़ जुट गई। कई लोग वीडियो बनाने लगे तो कुछ युवक को नीचे उतरने की सलाह देने लगे। हालाँकि पुलिस समय रहते पहुंच गई और किसी तरह की अनहोनी से उस व्यक्ति को बचा लिया।
>बाजारखाला इंस्पेक्टर बृजेश सिंह ने बताया कि युवक को किसी प्रकार की चोट नहीं आई है। उसने बताया कि कुत्तों से बचने के लिए वह टंकी पर सोने चला गया था। प्राथमिक पूछताछ में वह अपने घर या परिवार की जानकारी सही तरीके से नहीं दे पा रहा है।
Deprecated: explode(): Passing null to parameter #2 ($string) of type string is deprecated in /home2/ndvtoday/public_html/app/views/frontend/single.php on line 263
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें