राजधानी लखनऊ के माल थाना क्षेत्र स्थित आजाद नगर में सोमवार दोपहर एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, एक व्यक्ति ने कथित रूप से अपनी पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी पति की तबीयत बिगड़ गई। चिकित्सीय परीक्षण में आशंका जताई गई कि उसने किसी विषाक्त पदार्थ का सेवन किया है। फिलहाल उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस के मुताबिक, आजाद नगर निवासी जितेंद्र प्रताप सिंह (55) और उनकी पत्नी मोनिका सिंह (47) के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान जितेंद्र ने कथित रूप से पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में मोनिका सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद घर के एक कमरे में महिला का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। आसपास के लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पूछताछ के दौरान उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। इसके बाद उसका चिकित्सीय परीक्षण कराया गया। डॉक्टरों ने आशंका जताई कि उसने किसी विषाक्त पदार्थ का सेवन किया है। गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
मृतका के बड़े बेटे अंशुमान सिंह की शिकायत पर माल थाने में आरोपी जितेंद्र प्रताप सिंह के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाया जा रहा है। परिवार के सदस्यों और अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच के दौरान पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना से पहले पति-पत्नी के बीच किस बात को लेकर विवाद हुआ था।
एडीसीपी उत्तरी ट्विंकल जैन
डीसीपी नॉर्थ ट्विंकल जैन ने बताया कि सोमवार दोपहर माल थाने पर सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की धारदार हथियार से हत्या कर दी है। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। बेटे की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें