Thursday, 25 June 2026 | Lucknow | 29°C

कौन हैं प्रवेश वाही? BJP के MCD मेयर उम्मीदवार का प्रोफाइल, राजनीतिक सफर

जानिए बीजेपी के MCD मेयर उम्मीदवार प्रवेश वाही का पूरा प्रोफाइल, राजनीतिक अनुभव, संगठनात्मक भूमिका और अब तक का सफर।
Bureau
Bureau Senior Journalist
24 Apr 2026
12:32 PM
1 min read
257
कौन हैं प्रवेश वाही? BJP के MCD मेयर उम्मीदवार का प्रोफाइल, राजनीतिक सफर

प्रवेश वही और सीएम रेखा गुप्ता  (फाइल फोटो) 

 

दिल्ली नगर निगम मेयर चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी ने वरिष्ठ नेता प्रवेश वाही को मेयर पद के लिए उम्मीदवार बनाया है। वाही ने सिविक सेंटर पहुंचकर औपचारिक रूप से अपना नामांकन दाखिल कर दिया है, जिससे चुनावी मुकाबले को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है।

 

 

नामांकन के दौरान पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। मौजूदा महापौर सरदार राजा इकबाल सिंह, नेता सदन एवं स्थायी समिति उम्मीदवार जय भगवान यादव, स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा, उप महापौर उम्मीदवार मोनिका पंत और राजपाल राणा समेत कई प्रमुख चेहरे इस अवसर पर नजर आए। इस उपस्थिति को पार्टी की एकजुटता और चुनाव में मजबूती के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।

 

प्रवेश वाही को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद यह संकेत मिल रहा है कि निगम और दिल्ली सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर फोकस रहेगा। नामांकन के बाद वाही ने केंद्रीय नेतृत्व, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, प्रदेश इकाई और पार्षदों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दों का त्वरित समाधान उनकी प्राथमिकता होगी।

 

वाही ने भरोसा जताया कि मौजूदा वित्त वर्ष के बजट में शामिल जनकल्याणकारी योजनाओं को तेजी से लागू किया जाएगा। उनका कहना है कि योजनाओं को कागजों तक सीमित नहीं रहने दिया जाएगा, बल्कि उन्हें जमीन पर उतारने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।

 

प्रवेश वाही का निगम राजनीति में लंबा अनुभव रहा है।

  • वर्ष 2007 से अब तक तीन बार अलग-अलग वार्डों से पार्षद चुने गए
  • वर्तमान में रोहिणी ई वार्ड (वार्ड नंबर 56) से पार्षद
  • 2016-17 में उत्तरी एमसीडी की स्टैंडिंग कमेटी के चेयरमैन रहे
  • तीन बार जोन चेयरमैन का दायित्व संभाला

 

निगम में नेता सदन के रूप में उनकी भूमिका को संगठन और पार्षदों के बीच समन्वय स्थापित करने के लिए महत्वपूर्ण माना जाता रहा है।

 

प्रवेश वाही का जुड़ाव राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की विचारधारा से रहा है और वे 1980 से बीजेपी की गतिविधियों में सक्रिय हैं। उन्होंने 2004 से 2007 तक मंडल अध्यक्ष के रूप में संगठनात्मक जिम्मेदारी निभाई। दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक वाही पंजाबी खत्री परिवार से आते हैं। उनका राजनीतिक और संगठनात्मक अनुभव उन्हें मेयर पद की दौड़ में एक प्रमुख दावेदार बनाता है।

← Previous Story Next Story →

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें