>लखनऊ में शाइन सिटी द्वारा की गयी ठगी का एक और अध्याय उजागर हुआ है लखनऊ के आलमबाग क्षेत्र निवासी नवीन भाटिया ने कंपनी से लाखों रुपये देकर प्लॉट खरीदा, लेकिन छह साल बीत जाने के बाद भी न तो भूखंड मिला और न ही रकम वापस। अब अदालत के आदेश पर पुलिस ने कंपनी के निदेशक और दो अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
>पीड़ित नवीन भाटिया ने 2018 में सिद्धपुरा गांव में शाइन सिटी के माध्यम से एक आवासीय भूखंड खरीदा था। इसके लिए उन्होंने 17 लाख रुपये बैंक के जरिए और 39 लाख रुपये नकद देकर कुल 56 लाख रुपये चुकाए। प्लॉट का वादा तो मिला, लेकिन कब्जा कभी नहीं मिला। जब नवीन भाटिया ने गोमतीनगर स्थित कंपनी के दफ्तर में शिकायत की, तो वहां से उन्हें टाल दिया गया। बाद में पता चला कि जिस जमीन पर उन्हें प्लॉट दिया गया था, वह पहले से ही आवास विकास द्वारा अधिग्रहीत की जा चुकी है।
>काफी समय तक शिकायत अनसुनी रहने के बाद नवीन भाटिया ने अदालत का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट के आदेश पर मोहनलालगंज थाने में शाइन सिटी के निदेशक राशिद नसीम, प्रबंधक आसिफ, और एजेंट राहुल शर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और जल्द ही आरोपी अधिकारियों से पूछताछ की तैयारी की जा रही है।
>शाइन सिटी के निदेशक राशिद नसीम का नाम पहले भी अरबों की ठगी के मामलों में सामने आ चुका है। आरोप है कि राशिद और उसकी टीम ने देशभर के हजारों निवेशकों को प्लॉट और प्रॉपर्टी के नाम पर ठगा। विभिन्न थानों में कंपनी और उसके पदाधिकारियों के खिलाफ 200 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। बताया जा रहा है कि राशिद नसीम करीब 60 हजार करोड़ रुपये की ठगी कर दुबई भाग गया है। पुलिस ने उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया है।
Deprecated: explode(): Passing null to parameter #2 ($string) of type string is deprecated in /home2/ndvtoday/public_html/app/views/frontend/single.php on line 263
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें