'सिर्फ 400 रुपये खर्च हुए, न सिफारिश न घूस', यूपी पुलिस भर्ती के चयनित युवाओं ने साझा किया अनुभव

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 930 कंप्यूटर ऑपरेटरों को सौंपे नियुक्ति पत्र, चयनित अभ्यर्थियों ने भर्ती प्रक्रिया को बताया निष्पक्ष और पारदर्शी।

 

उत्तर प्रदेश में सरकारी भर्तियों में पारदर्शिता और निष्पक्षता के दावों के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा चयनित 930 कंप्यूटर ऑपरेटर (ग्रेड-ए) अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। नियुक्ति पत्र प्राप्त करने के बाद कई चयनित अभ्यर्थियों ने भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बताते हुए अपने अनुभव साझा किए। मुख्यमंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले युवाओं ने कहा कि पूरी प्रक्रिया के दौरान उन्हें किसी प्रकार की सिफारिश या अतिरिक्त खर्च की आवश्यकता नहीं पड़ी और उनकी मेहनत तथा योग्यता के आधार पर चयन हुआ।

 

लखनऊ निवासी नीरज पाल ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया के दौरान उन्हें किसी प्रकार की पैरवी या घूस की जरूरत नहीं पड़ी। उनके अनुसार केवल आवेदन शुल्क के रूप में 400 रुपये खर्च हुए और अपनी मेहनत के दम पर उन्हें सफलता मिली। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें अपने सपनों की नौकरी मिली है।

 

जौनपुर निवासी अरविंद कुमार ने कहा कि भर्ती का परिणाम पारदर्शी तरीके से घोषित हुआ और मुख्यमंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र प्राप्त करना उनके लिए गर्व का क्षण है। हरदोई की अनामिका राजवंशी ने भी भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष बताते हुए कहा कि चयन के दौरान किसी प्रकार का भेदभाव नहीं हुआ और मेहनत करने वाले अभ्यर्थियों को उनका हक मिला है।

 

बिजनौर के पर्व कुमार ने कहा कि नियुक्ति पत्र प्राप्त करना हर विद्यार्थी का सपना होता है और मुख्यमंत्री से सीधे नियुक्ति पत्र मिलना इस उपलब्धि को और विशेष बना देता है। उन्होंने कहा कि आवेदन शुल्क के अतिरिक्त कोई अन्य खर्च नहीं करना पड़ा और जिस विश्वास के साथ भर्ती प्रक्रिया संपन्न कराई गई है, उसी विश्वास के साथ वह अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे।

 

चयनित अभ्यर्थी अंशिका मिश्रा ने कहा कि उन्हें मिली जिम्मेदारी का वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगी। उन्होंने इसे अपने परिवार के लिए गर्व का अवसर बताया। कार्तिक सैनी ने मुख्यमंत्री से नियुक्ति पत्र प्राप्त करने को अपने जीवन का यादगार क्षण बताया और कहा कि वह आधुनिक तकनीकों का उपयोग करते हुए पुलिस विभाग की कार्यक्षमता बढ़ाने में योगदान देने का प्रयास करेंगे।


 

टैग्स :  यूपी पुलिस भर्ती, कंप्यूटर ऑपरेटर भर्ती, योगी आदित्यनाथ, नियुक्ति पत्र, सरकारी नौकरी, यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड ए

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें


Related News

खनन से लेकर अपराध तक भाजपा नेता ने उठाए कई सवाल, पुलिस कमिश्नर से की बीबीडी थाना प्रभारी को हटाने की मांग
दो साल से बैठकें नहीं, कर्मचारियों के बढ़ते आक्रोश पर संयुक्त परिषद ने मुख्य सचिव को लिखा पत्र
हजारों छात्राओं को मिलेगा लाभ, योगी सरकार ने तैयार किया 18 सूत्रीय प्लान
अब गोशालाओं से घर-घर पहुंचेगा 'जहर मुक्त भोजन', यूपी में शुरू होगा मेगा अभियान
अयोध्या में सुबह-सुबह CBI की दस्तक, बाद में सामने आया 7 करोड़ के घोटाले का मामला
चिनहट थाना क्षेत्र से हुआ अवैध खनन और बीबीडी थाना क्षेत्र से हुई निकासी
एक OTP और वर्षों की बचत खत्म! लखनऊ के गांव में लोगों को समझाई गई साइबर ठगी की पूरी कहानी
115 सीटों के समीकरण पर सपा की नजर, ब्राह्मण नेताओं संग आज होगा मंथन
बड़े मंगल पर लखनऊ पहुंचे तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल, शिव शक्ति धाम मंदिर में की पूजा