अमेठी में दर्दनाक हादसा: सोते समय गिरी दीवार, मां-बेटी की मौत; पीएम आवास लाभ की होगी जांच

जर्जर कच्ची दीवार ढहने से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, 9 वर्षीय बालक गंभीर; प्रशासन ने शुरू की जांच।

 

उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में मां और बेटी की मौत हो गई, जबकि एक बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना जामो थाना क्षेत्र के पूरे परमेश्वरी मजरे घाटमपुर गांव की है, जहां एक कच्चे और जर्जर मकान की दीवार अचानक गिर गई।

 

जानकारी के अनुसार गांव निवासी ओमप्रकाश का परिवार शुक्रवार रात भोजन करने के बाद घर में सो रहा था। रात करीब 3:30 बजे परिवार के सदस्य गहरी नींद में थे, तभी मकान की कच्ची और जर्जर दीवार भरभराकर गिर गई। दीवार के पास सो रही कमलेश कुमारी और उनके बच्चे मलबे में दब गए।

 

दीवार गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और काफी प्रयास के बाद मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को 108 एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जामो भेजा गया।

 

चिकित्सकों ने कमलेश कुमारी (32) और उनकी पुत्री आँशी (7) को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल दीपांशु (9) को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया। कमलेश कुमारी अपने पीछे चार बच्चों को छोड़ गई हैं। हादसे में उनकी पुत्री आँशी की भी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार और गांव में शोक का माहौल है।

 

घटना की सूचना मिलते ही जामो थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की। मामले की सूचना राजस्व विभाग को भी दी गई है। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार सिंह ने बताया कि कच्ची दीवार गिरने से महिला और उसकी पुत्री की मृत्यु हुई है, जबकि एक बालक गंभीर रूप से घायल है। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

 

घटना के बाद यह सवाल भी उठ रहा है कि परिवार जर्जर मकान में क्यों रह रहा था। प्रशासन अब यह जानकारी जुटा रहा है कि पीड़ित परिवार को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिला था या नहीं। राजस्व विभाग और प्रशासनिक टीम मामले की जांच में जुटी है।


 

टैग्स :  अमेठी, हादसा, मां-बेटी की मौत, जामो थाना, कच्ची दीवार, मौत, पीएम आवास योजना, अमेठी, यूपी, ग्रामीण मकान, दुर्घटना

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें


Related News

कॉलेज गई छात्रा घर नहीं लौटी, 12 दिन बाद लखनऊ के जंगल में मिला कंकाल
24 घंटे सतर्क रहने वाले GRP कर्मियों को डीजी रेलवे ने किया सम्मानित
बैंकाक से लौटा यात्री, लखनऊ एयरपोर्ट पर बैग खुला तो निकले 13 पैकेट गांजा
लखनऊ में विश्व पर्यावरण दिवस पर डॉ. राजेश्वर सिंह ने की बड़ी पहल
रामस्वरूप इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र ने हॉस्टल में दी जान, जांच में जुटी पुलिस
दो माह में 10,635 करोड़ का राजस्व, अवैध शराब के खिलाफ यूपी में 9,898 केस दर्ज
यूपी में 6 आईपीएस अधिकारियों के तबादले, प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल
योगी आदित्यनाथ का 54वां जन्मदिन आज, सीएम आवास पर बधाई देने पहुंचे मंत्री
विश्व पर्यावरण दिवस पर सपा का फोकस साइकिलिंग पर, अखिलेश सरकार की परियोजनाओं का किया जिक्र