Gorakhpur News: प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपावली के पावन अवसर पर सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री रविवार को गोरखपुर जनपद के जंगल तिकोनिया नंबर तीन में वनटांगिया समाज के लोगों के साथ दीपावली मनाएंगे। इस दौरान वह वनटांगिया परिवारों को विकास की बड़ी सौगात भी देंगे। मुख्यमंत्री इस अवसर पर 82 करोड़ रुपये से अधिक की 52 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को किट का भी वितरण करेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर कर लिखा कि विकास का प्रकाश समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। हर घर में सुख, समृद्धि एवं सम्मान का दीप जले, यही दीपावली की वास्तविक सार्थकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की डबल इंजन की सरकार वनटांगिया परिवारों को शिक्षा, स्वास्थ्य और बेहतर जीवन के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
साल 1998 में योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर के पहली बार सांसद बनने के बाद वनटांगिया बस्तियों में रहने वाले परिवारों की बदहाल स्थिति को करीब से समझा। इन लोगों तक शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए योगी आदित्यनाथ ने प्रयास शुरू किए। गोरखनाथ मंदिर और महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद की संस्थाओं के सहयोग से गांवों में शिक्षा और चिकित्सा सेवाएं पहुंचाई गईं।

साल 2003 से शुरू हुए ये प्रयास धीरे-धीरे वनटांगिया समाज के जीवन में बदलाव लाने लगे। साल 2009 में वनटांगिया बच्चों को शिक्षा से जोड़ने के लिए जंगल तिकोनिया नंबर तीन में अस्थायी विद्यालय का निर्माण हुआ। इस दौरान वन विभाग की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया, लेकिन योगी आदित्यनाथ की कोशिशों के चलते ही विद्यालय का निर्माण कार्य संभव हुआ। आज यही विद्यालय गोरक्षनाथ हिंदू विद्यापीठ के नाम से संचालित है। साल 2009 से योगी आदित्यनाथ ने वनटांगिया परिवारों के साथ दीपावली मनाने की परंपरा शुरू की थी।
मुख्यमंत्री बनने के बाद भी योगी आदित्यनाथ ने परंपरा जारी रखी। दीपावली के अवसर पर सीएम योगी वनटांगिया बच्चों को मिठाई, कॉपी-किताबें और उपहार देने आते है और आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित भी करते हैं। मुख्यमंत्री बनने के बाद योगी आदित्यनाथ ने वनटांगिया गांवों को राजस्व ग्राम का दर्जा दिलाने की दिशा में कदम उठाया। इससे गोरखपुर और महराजगंज के 23 वनटांगिया गांवों के लोगों को सरकारी योजनाओं और बुनियादी सुविधाओं का लाभ मिलने का रास्ता खुला।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें