Thursday, 25 June 2026 | Lucknow | 29°C

लखनऊ में कृषि संगोष्ठी में 500 किसानों की भागीदारी, मिलेट्स व योजनाओं पर मिला जोर

लखनऊ में कृषि संगोष्ठी में 500 किसानों ने भाग लिया। मिलेट्स, पशुपालन व कृषि योजनाओं पर चर्चा, करोड़ों रुपये के अनुदान व प्रमाण पत्र वितरित।
Bureau
Bureau Senior Journalist
19 Mar 2026
07:37 PM
1 min read
190
लखनऊ में कृषि संगोष्ठी में 500 किसानों की भागीदारी, मिलेट्स व योजनाओं पर मिला जोर

प्रदेश सरकार के नव निर्माण के नौ वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान स्थित मार्स ऑडिटोरियम में कृषि संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, कृषि विशेषज्ञों और करीब 500 किसानों ने भाग लिया।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ मोहनलालगंज विधायक अमरेश कुमार रावत और सरोजनीनगर विधायक प्रतिनिधि अखिलेश कुमार सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। संगोष्ठी में कृषि, पशुपालन, बागवानी और सहवर्ती क्षेत्रों से जुड़े अधिकारियों और वैज्ञानिकों ने किसानों को विभिन्न योजनाओं और तकनीकों की जानकारी दी।

 

इस दौरान कई कृषक उत्पादक संगठनों और किसानों को अनुदान व प्रमाण पत्र वितरित किए गए। मिलेट्स स्टोर और प्रोसेसिंग यूनिट के लिए 20 लाख से 45 लाख रुपये तक की सहायता प्रदान की गई, जबकि कस्टम हायरिंग सेंटर, सुपर सीडर और अन्य योजनाओं के तहत भी अनुदान दिए गए।

 

कार्यक्रम में पीएम कुसुम योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और एग्रीजंक्शन योजना से जुड़े लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए। विशेषज्ञों ने पशुपालन, बागवानी, गन्ना खेती और उर्वरकों के संतुलित उपयोग पर विस्तार से जानकारी दी।

 

उप कृषि निदेशक ने किसानों से फार्मर रजिस्ट्री कराने का आह्वान किया, जबकि वैज्ञानिकों ने आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने पर जोर दिया। कार्यक्रम का समापन कृषि विज्ञान केंद्र के अध्यक्ष द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।

← Previous Story Next Story →

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें